यहाँ लगे बैनर "भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने आना मना है"

   मेरठ/उत्तर प्रदेश।। यूपी से एक चौकाने वाली खबर आ रही है। खबर की माने तो उत्तर प्रदेश के मेरठ थाने में हंगामा करने एवं आपत्तिजनक बैनर लगाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 
    मेरठ के एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम शम्भू पहलवान, सागर पोसवाल, कुलदीप मसूरी, अंकुर चौधरी, अमित भड़ाना और अमर शर्मा हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इन सभी अभियुक्तों के खिलाफ मेडिकल थाने में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया था।
    स्टेशन इंजार्ज संतशरण सिंह ने शनिवार को बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की शिनाख्त करने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। यह पूछे जाने पर कि पकड़े गये आरोपी क्या भाजपा कार्यकर्ता हैं, थाना प्रभारी ने इतना ही कहा कि सभी असामाजिक तत्व थे, जिन्होंने बीजेपी और मुझे बदनाम करने के लिए विवादित बैनर लगाया था।  
    गौरतलब हैं कि मेरठ के मेडिकल पुलिस थाने में लगे एक कथित बैनर की तस्वीर शुक्रवार को वायरल हुई जिसमें लिखा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने आना मना है। थाने की दीवार पर टंगे बैनर की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने उस समय तूल पकड़ा, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा था कि ऐसा पहली बार हुआ है इन पांच-छह सालों में। सत्तापक्ष के लोगों का आना मना हुआ थानों में। ये है उप्र की भाजपा सरकार का बुलंद इक़बाल।
      हालांकि बीजेपी के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंधन ने स्वीकार किया है कि आरोपी भाजपा कार्यकर्ता हैं। मेरठ में शुक्रवार को दुकान के विवाद में मेडिकल थाने पहुंचे भाजपाइयों ने हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। करीब चार-पांच घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने थाने के बाहर विवादित पोस्टर भी लगा दिया था, जिसमें लिखा था - भाजपा नेताओं का मेडिकल थाने में आना मना है।